उर्स में आज
इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में महफिल का आगाज शनिवार को सुबह आठ बजे हुआ। देश-विदेश के उलमा तकरीर व शोहरा अपने कलाम पेश करेंगे। इस संबंध में नासिर कुरैशी ने बताया कि दोपहर 2:38 मिनट पर आला हजरत के कुल शरीफ के साथ तीन दिवसीय उर्स का समापन होगा।
अकीदतमंद असजद मियां से हुए मुरीद
उर्स में शामिल होने आए अमेरिका, यूके, तुर्की, मलयेशिया, दुबई, मॉरीशस, साउथ अफ्रीका व श्रीलंका के लोगों ने काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां कादरी के हाथ पर बैत ली। काजी-ए-हिंदुस्तान ने उनके लिए दुआ की और दरगाह पर रात भर गुल पोशी की। जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने बताया कि दरगाह और जमीयतुर्रजा में जायरीन के लिए लंगर रात दिन जारी है।
उर्स में शिरकत करने उमड़े जायरीन
आला हजरत का उर्स शुक्रवार को पूरे शबाब पर रहा। इसमें शिरकत करने आए जायरीन का हुजूम शहर में उमड़ता रहा। दरगाह की गलियों से लेकर उर्स स्थल तक और पुराने शहर की तमाम मस्जिदें जुमे की नमाज में भरी रहीं। शनिवार को लाखों जायरीन आने का अनुमान है।
एक तरफ जहां कार्यक्रमों में भीड़ दिखती रहीं, वहीं दरगाह पर हाजिरी लगाने वाला का तांता लगा रहा। लोग नियाज नजर कर दुआएं करते नजर आए। दरगाह और उर्स स्थल के बाजारों में भी जायरीन खरीदारी करते दिखे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात रहा।