बरेली। आला हजरत और इंटरसिटी एक्सप्रेस को शाहजहांपुर तक विस्तार देने संबंधी सवाल पर रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार निर्णय लेने की बात कही है। 14315/16 बरेली-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस और 14311/12 बरेली-भुज आला हजरत एक्सप्रेस को शाहजहांपुर तक विस्तार देने की काफी समय से मांग की जा रही है। इसको लेकर शाहजहांपुर से सांसद अरुण सागर ने रेलमंत्री से संसद में सवाल किया कि क्या सरकार का विचार इन ट्रेनों को शाहजहांपुर तक विस्तार करने का है।
उन्होंने रेलमंत्री से यह भी पूछा कि क्या अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इसके लिए अनुरोध किया है, अगर अनुरोध किया है तो सरकार ने अब तक इस दिशा में क्या कदम उठाए हैं। इस पर रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि जो अनुरोध औचित्यपूर्ण पाए जाते हैं, उन पर संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार निर्णय लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बरेली-शाहजहांपुर खंड में 41 जोड़ी ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। दिल्ली-शाहजहांपुर खंड में 17 जोड़ी नियमित ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा दिल्ली-शाहजहांपुर खंड के यात्रियों की अतिरिक्त आवश्यकता को देखते हुए चार जोड़ी विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है।
रेलमंत्री ने यह भी कहा कि विभिन्न स्तरों पर संसद सदस्यों, निर्वाचित प्रतिनिधियों, संगठनों आदि की ओर से ट्रेनों को विस्तार देने के लिए औपचारिक और अनौपचारिक दोनों प्रकार के प्रस्ताव, अनुरोध और सुझाव मिले हैं। इनकी जांच और उपयोगिता का अध्ययन किया जा रहा है। संवाद