बरेली। मौसम ने चुनावी कार्यक्रमों का खेल बिगाड़ दिया। बुधवार को अखिलेश यादव रामपुर जाने के लिए आ रहे थे। उनका यह कार्यक्रम रद्द हो गया। बृहस्पतिवार को शहर के बिशप मंडल इंटर कॉलेज के मैदान में होने वाला उनका कार्यक्रम भी बारिश की वजह से रद्द हो गया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे बरेली में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने वाले थे।
कार्यक्रम आने के बाद पार्टी नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी और मंगलवार की शाम वहां टेंट लगवाने का काम शुरू कर दिया है। बुधवार को हुई बारिश ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। सपा नेताओं ने मैदान का निरीक्षण भी किया। लखनऊ सपा कार्यालय ने मौसम का हवाला देते हुए बुधवार की शाम तक कार्यक्रम रद्द होने की सूचना दे दी। जिला प्रवक्ता मयंक शुक्ला माेंटी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम रद्द हो गया है।