बरेली। हजरत बीबी आयशा पर बन रही फिल्म पर आईएमसी ने सख्त विरोध जताया है। भड़की पार्टी ने सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे इस फिल्म के ट्रेलर को तुरंत हटाने की मांग की है।
शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी ने पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की बीवी हजरत आयशा पर फिल्म बनाई है। इसका सोशल मीडिया पर ट्रेलर चलाया रहा है। आईएमसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. नफीस खां ने कहा है कि इस फिल्म पर आलमे इस्लाम में बेचैनी है। हजरत आयशा को हर मोमिन मां मानता है। लिहाजा मुस्लिमों की भावनाओं को शासन गंभीरता से ले और फिल्म के ट्रेलर को तुरंत सोशल साइटों से हटवाए। फिल्म पर भी रोक लगाई जाए। मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि सोमवार को डीएम के जरिये राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा।
इंजीनियर जुनेद आईएमसी के प्रदेश प्रभारी
बरेली। आईएमसी मुखिया तौकीर रजा खां ने इंजीनियर जुनेद रजा खां को यूपी का प्रभारी बनाया है। पार्टी प्रवक्ता डॉ. नफीस खां ने पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि खुद को मुसलमानों का हमदर्द कहने वाली सभी पार्टियां भाजपा के हाथों की कठपुतलियां बन गई हैं। अंदरखाने सभी का भाजपा से तालमेल है। मुसलमानों के खिलाफ लाया गया तीन तलाक बिल इसी का नतीजा है। इंजीनियर जुनेद ने प्रदेश की सारी इकाइयां भंग करते हुए जिला व महानगर अध्यक्षों को एक महीने में नई कमेटी बनाने को कहा। इस दौरान मुनीर इदरीसी, एम इकबाल, मुहम्मद सलीम खान, रिजवान अंसारी, शहनवाज खान, शमशाद बाबू प्रधान, रुखसार खान आदि मौजूद रहे।