एअर पोर्ट की सुरक्षा के लिए दी गई पुलिस अधिकारियों को ट्रेनिंग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
एयरपोर्ट अथॉरिटी के सुरक्षा अधिकारियों ने बताए काम के तौर तरीके
बरेली। एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगाए गए पुलिस कर्मियों की सोमवार से पुलिस लाइन में ट्रेनिंग शुरू हो गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के सुरक्षा अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को एयरपोर्ट पर काम करने के तौर तरीके बताए।
सीआईएसएफ पर होने वाले भारी भरकम खर्च कम करने के लिए प्रदेश के कई एयरपोर्ट की सुरक्षा पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया गया है। इस कड़ी में पिछले दिनों 43 पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग भी कराई गई थी मगर एयरपोर्ट का काम पूरा न होने के चलते इन्हें जिलों में तैनाती दे दी गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुरोध पर सोमवार से पुलिस लाइन में इन पुलिसकर्मियों की दूसरे चरण की ट्रेनिंग शुरू हुई है। प्रतिसार निरीक्षक हरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सोमवार को ट्रेनिंग में तीन सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल और 34 कांस्टेबल शामिल हुए। एयरपोर्ट अथॉरिटी से जुड़े सुरक्षा अधिकारियों ने इन्हें एयरपोर्ट पर विशिष्ट व्यक्ति के आगमन का प्रोटोकॉल, सामान की स्कैनिंग, संदिग्ध वस्तुओं की तलाश, विदेशी नागरिक के आवागमन पर होने वाली प्रक्रिया समेत तमाम जानकारियां दीं।
चार पुलिसकर्मी गैरहाजिर
सोमवार की ट्रेनिंग से चार पुलिसकर्मी गैरहाजिर रहे। इनमें से कोई छुट्टी पर गया है तो कोई चिकित्सा अवकाश पर है। अगर जल्दी ही ये पुलिसकर्मी वापस नहीं आए तो उनके स्थान पर दूसरे पुलिसकर्मियों का चयन किया जाएगा।
‘एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग शुरू हो गई है। जो पुलिसकर्मी ट्रेनिंग में नहीं शामिल हो सके हैं, उनके स्थान पर दूसरे पुलिसकर्मियों को शामिल किया जाएगा।’ - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी