बरेली। संविदा कर्मचारी का पास बनवाकर उसे एयरपोर्ट में संवेदनशील स्थान तक आवाजाही की छूट देने वाले मुख्य सुरक्षा अधिकारी सियाराम को हटा दिया गया है। उनका तबादला चुनार पीटीसी कर दिया गया है। उनके खिलाफ शिकायतों पर एसएसएफ के अधिकारियों ने कार्रवाई की संस्तुति की थी।
प्रदेश में पीपीएस अफसरों के तबादले की सूची जारी की गई है। जिले के तीन पीपीएस अधिकारी इस बदलाव से प्रभावित हुए हैं। इनमें एएनटीएफ की सीओ प्रतिमा सिंह को सहायक सेनानायक 12वीं वाहिनी पीएसी फरीदपुर बनाया गया है। वहीं कुछ समय पहले ही सीओ पद पर प्रोन्नत हुए सर्विलांस प्रभारी रामगोपाल शर्मा को सीओ इटावा बनाया गया है।
इसके साथ ही सीओ रैंक के कासो (मुख्य एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी) सियाराम का तबादला एयरपोर्ट के चर्चित प्रकरण से जुड़ा है। उनके खिलाफ गंभीर शिकायतें की गई थीं। विभागीय स्तर से की शिकायत आईजीआरएस से लेकर तमाम अधिकारियों को प्रति के रूप में भेजी गई थी। इसमें जिक्र था कि नितिन नाम के संविदाकर्मी के बारे में एयरपोर्ट अधिकारियों को फर्जी रिपोर्ट भेजकर उन्होंने उसका प्रतिमाह का पास बनवा दिया था। नितिन एयरपोर्ट की सर्वाधिक संवेदनशील इमारत व अन्य प्रमुख स्थानों पर भ्रमण करता था। हालांकि गड़बड़ी का पता लगने पर एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से कार्रवाई कर पास रद्द कर दिया गया। इस मामले में कई स्तर पर जांच चल रही थी। एसएसएफ के एसपी राहुल भाटी ने बताया कि उन्होंने भी इस मामले में जांच के बाद शासन से कार्रवाई को लिखा था। अमर उजाला ब्यूरो