बरेली। शार्ट सर्किट से एयरफोर्स गेट पर तीन दुकानों में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। रजाई-गद्दे की दुकान में तो जितना सामान रखा था, सभी जलकर राख हो गया। एयरफोर्स की फायर बिग्रेड ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। हादसे से दुकानों के आसपास के इलाके में हड़कंप मचा रहा।
थाना इज्जतनगर के ग्राम नगरिया परिक्षत इलाके के रहने वाले नन्हें मंसूरी की एयरफोर्स की गेट के पास रजाई-गद्दे की दुकान है। इसी के बराबर में नगरिया परिक्षत का ही रहने वाला आरिफ हुसैन की बर्तन की दुकान है। इसी गांव के फारूख की भी उनके बराबर में रजाई-गद्दे की दुकान हैं। दुकानों से ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार की सुबह ग्यारह बजे हवा चलने से पेड़ की टहनियों से तार आपस में टकराए तो चेकें निकलकर नन्हें की दुकान में धुनी हुई रूई पर जार गिरे। इससे रूई में आग लग गई। चंद मिनटों में ही आग ने इतना भयंकर रूप अपना लिया कि जरा सी देर में पूरी दुकान जलकर राख हो गई। पड़ोसी आरिफ की बर्तन की दुकान का फर्नीचर और कुछ सामान भी जल गया। फारूख की दुकान में थोड़ी सी आग लग पाई थी कि एयर फोर्स की फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गए। टीम ने बीस मिनट में ही आग पर काबू पा लिया। नन्हें का कहना है कि उसकी दुकान में करीब साढ़े तीन लाख रुपये का माल रखा था, जो पूरी तरफ से जलकर राख हो गया है। सीएफओ केएन रावत ने बताया कि दुकानों में आग से होने वाले नुकसान का आंकलन कराएंगे। हालांकि उन्हें इस संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है।