कई माह से चल रहा था अवैध कारोबार
शहर के बीचों-बीच महीनों से फल-फूल रहे अवैध खाद के कारोबार ने कृषि विभाग की सतर्कता की पोल खोल दी है। ऑर्गेनिक पोटाश के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद अब विभाग के निरीक्षण तंत्र पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिला कृषि अधिकारी ने बारादरी थाने मे तहरीर देने की बात कह रही हैं, जबकि इंस्पेक्टर ने शिकायती पत्र मिलने से इन्कार किया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए आरोपी सुरेंद्र और उसके साथी जिस तरह से उर्वरकों की पैकिंग कर रहे थे, वह सीधे तौर पर किसानों की फसल और मिट्टी की सेहत के साथ खिलवाड़ है। जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने कहा कि गोदाम को सील कर छह नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।
गोदाम स्वामी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। यदि संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने मामले से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग से पता कर लें।