11 फरवरी को अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई थी मारपीट
शेरगढ़। 11 फरवरी को अतिक्रमण हटाने के दौरान अधिशासी अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह और दुकानदार शेखर गुप्ता के बीच हुई हाथापाई के मामले में मंगलवार को समझौता हो गया। थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद सहमति बनने पर नगर पंचायत कर्मियों ने भी हड़ताल समाप्त कर दी। बुधवार से उन्होंने साफ-सफाई सहित अन्य कार्य शुरू करने की बात कही है।
थाना परिसर में बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर राजेश कुमार तथा नगर पंचायत अध्यक्ष बुद्धसेन मौर्य मौजूद रहे। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध कोई कानूनी कार्रवाई न करने पर बात कही। लिखित सुलहनामा तैयार कर थाना प्रभारी को सौंप दिया।
समझौते के तहत दुकानदार शेखर गुप्ता ने भविष्य में इस प्रकार की गलती न दोहराने की बात कहते हुए अधिशासी अधिकारी से खेद प्रकट किया। यह भी तय हुआ कि नगर पंचायत की ओर से नियमानुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। दुकानदार इसमें किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करेंगे। समझौते के बाद कर्मचारियों ने घोषणा की कि वे बुधवार से नियमित रूप से कार्य करेंगे।