बरेली। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) बरेली की अग्निवीर भर्ती रैली 29 जनवरी से शुरू होकर छह फरवरी तक फतेहगढ़ छावनी में चलेगी। रैली का आयोजन मुख्यालय भर्ती क्षेत्र लखनऊ के तत्वावधान में स्टेशन कमांडर फतेहगढ़ छावनी, फतेहगढ़ नागरिक प्रशासन के सहयोग से होगा।
रैली के तहत लिखित परीक्षा सीईई में शॉर्टलिस्ट अग्निवीर को जनरल ड्यूटी, ऑफिस असिस्टेंट, टेक्निकल, ट्रेड्समैन पद के लिए 10,000 से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। बरेली एआरओ के तहत आने वाले हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती जिलों के जिन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन सीईई पास कर लिया है, वे फतेहगढ़ में रैली में भाग लेने के लिए पात्र हैं। अभ्यर्थियों को भर्ती अधिसूचना में दर्ज सभी दस्तावेजों की मूल प्रति साथ लेकर पहुंचना होगा। मातृभूमि की सेवा के लिए भारतीय सेना, सर्वश्रेष्ठ का चयन करने के लिए योग्य अभ्यर्थियों की निष्पक्ष, पारदर्शी भर्ती करती है। इसलिए दलालों के जाल में न फंसें।
कब, किस जिले के अभ्यर्थी करेंगे प्रतिभाग
29 जनवरी - एआरओ बरेली (अग्निवीर टेकनिकल और अग्निवीर कार्यालय सहायक) के सभी जिले ।
30 जनवरी - एआरओ बरेली (अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं और 10वीं) के सभी जिले।
31 जनवरी - बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती और संभल।
01 फरवरी - लखीमपुर, सीतापुर और बदायूं (सिर्फ दातागंज तहसील)।
02 फरवरी - बदायूं (केवल बिल्सी, बिसौली, बदायूं, सहसवान तहसील)।
03 फरवरी - पीलीभीत एवं शाहजहांपुर।
04 फरवरी - बरेली।
05 फरवरी - हरदोई।
06 फरवरी - फर्रुखाबाद।
अमर उजाला ब्यूरो