बरेली। पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) माॅडल पर सेटेलाइट बस अड्डे के विकास के लिए डीएम रविंद्र कुमार ने कार्यदायी एजेंसी से सात दिन में कार्ययोजना मांगी है। कार्ययोजना को एनओसी के लिए सेना मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। अफसरों से कहा कि सेना के अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र एनओसी जारी करवाएं।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि यहां 20,164 वर्गमीटर भूमि पर 137 करोड़ रुपये का बजट खर्च होना है। अधिकतम कितने क्षेत्रफल में निर्माण किया जा सकता है? इसके लिए बीडीए से फ्लोर एरिया रेश्यो का पता कर लें। इसके मुताबिक ही कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाए। पास में ही सैन्य क्षेत्र होने की वजह से सेटेलाइट बस अड्डे की ऊंचाई 15 मीटर से अधिक नहीं हो सकती।
नगर आयुक्त संजीव कुमार ने कहा कि जिले में ई-चार्जिंग स्टेशन बनना है। पूर्व में बीडीए को दी गई चौबारी की जमीन यदि नगर निगम को वापस मिल जाए तो उस पर चार्जिंग स्टेशन बना सकते हैं। डीएम ने बीडीए उपाध्यक्ष से समन्वय कर इस प्रस्ताव पर काम शुरू कराने का निर्देश दिया। संवाद