बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के प्रेमी युगल एक-दूसरे के होते-होते रह गए। युवती धर्म परिवर्तन कर विवाह के लिए तैयार थी पर युवक की उम्र इसमें बाधक बन गई। दूल्हे की उम्र 21 साल से कम होने पर महंत ने शादी कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने युवती को परिजनों के हवाले कर दिया। इस दौरान युवती चीख-चीख कर कहती रही कि घरवाले उसे मार डालेंगे पर उसकी एक न चली।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र का युवक गांव की ही दूसरे धर्म की युवती को लेकर अगस्त्य मुनि आश्रम पहुंचा। दोनों ने शादी की इच्छा जताई। युवक ने महंत केके शंखधार को बताया कि कई साल से युवती से उसके संबंध हैं। कुछ समय पहले ही वह उसके घर आ गई थी। दोनों विवाह करना चाहते हैं। महंत ने दोनों के बालिग होने के प्रमाणपत्र मांगे और कहा कि विश्व हिंदू परिषद के विधिक प्रकोष्ठ के अनुमोदन के बाद ही वह शादी करा सकते हैं। युवती ने युवक का धर्म अपनाने के लिए भी स्वीकृति दे दी।
युवती से दो साल छोटा निकला युवक
मंगलवार को कागजी कार्रवाई पूरी होनी थी। इस दौरान युवती की आयु 22 वर्ष तो युवक की 20 वर्ष निकली। युवक की आयु विवाह के लिए निर्धारित आयु 21 वर्ष से कम होने पर महंत ने शादी कराने से मना कर दिया। इधर, युवती घर जाने के लिए तैयार नहीं हो रही थी। उसने वीडियो बनाकर कहा कि उसे घरवालों से जान का खतरा है। वह घर गई तो परिजन उसे मार डालेंगे। उसने महंत को धर्म पिता मानते हुए जान बचाने व न्याय दिलाने की गुहार की। महंत ने इसकी सूचना युवती के परिजनों और पुलिस को दी।
युवती के घरवालों ने आकर उसे समझाया पर वह नहीं मानी। बाद में प्रधान के साथ आई भोजीपुरा पुलिस युवती को साथ ले गई। महंत ने सीओ हाईवे से अनुरोध किया कि युवती के बयान लेकर उसकी इच्छा के मुताबिक ही कहीं भेजा जाए। हालांकि, पुलिस ने युवती को घरवालों के हवाले कर दिया। दरोगा अजीत सिंह ने बताया कि युवती के बारे में गुमशुदगी दर्ज थी। उसे उसके घरवालों को सौंप दिया गया है। महंत ने युवती के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।