बरेली के फतेहगंज पश्चिमी इलाके के एक गांव में शाम को बाग में खेलने गई नौ साल की बच्ची के साथ अज्ञात युवक ने दुष्कर्म किया और उसे धमकाकर भाग गया। दहशतजदा बच्ची चुपचाप घर आकर सो गई लेकिन सुबह घर वालों ने उसका बिस्तर खून से रंगा देखा तो उसे लेकर थाने पहुंचे। इसके बावजूद पुलिस ने छेड़खानी की ही रिपोर्ट दर्ज की। पिता से कहा कि अगर मेडिकल में पुष्टि हुई तो धारा बढ़ा दी जाएगी।
परिजनों के मुताबिक गांव में वन विभाग का बाग है जहां शुक्रवार शाम बच्ची दूसरे बच्चों के साथ खेलने गई थी। दूसरे बच्चों के चले आने के बाद भी किसी ने उसे रोक लिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे धमका भी दिया कि अगर उसने किसी को बताया तो उसके साथ उसके घरवालों को भी मार दिया जाएगा। बच्ची शाम को घर आते ही सो गई। सुबह जब घरवालों ने उसका बिस्तर खून से सना देखा तो उससे पूछताछ की।