आशुतोष सिटी में रहने वाली कमलजीत कौर ने बताया कि वह अपने कमरे में और बच्चे बाहर के कमरे में सो रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे किसी ने बाहर से भारी चीज फेंककर उनके घर के शीशे तोड़ दिए। धमाके जैसी आवाज सुनकर आंख खुली तो डर के मारे वह बच्चों को अंदर ले गईं। इसी बीच बाहर मौजूद लोगों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद आसपास के कई लोग जागकर घरों के बाहर आ गए। तब तक बदमाश भाग निकले थे।
कमलजीत कौर ने बताया कि इससे उनके परिवार के साथ आसपड़ोस के कई लोग भी पूरी रात दहशत की वजह से जागते रहे। कमलजीत ने मामले की लिखित शिकायत चौकी बैरियर पुलिस से की है। उधर, बारादरी इलाके की सुपर सिटी कॉलोनी में मध्यरात्रि आए चोरों ने कामिनी झा और अनिल कुमार के घर के बंद गेट फांदे और साइकिल चुरा ले गए। सुबह सीसीटीवी के फुटेज देखने से पता चला कि दरवाजा फंदकर घुसे चोर साइकिल चुराकर ले गए हैं। लोगों ने रुहेलखंड पुलिस चौकी में फुटेज सौंपते हुए शिकायत की है।