बरेली। एलआईयू कर्मचारी के बेटे की हत्या कर शव खाली प्लॉट में दबाने के मामले में पुलिस ने सारी कड़ियां जोड़ ली हैं। आरोपी महिला और उसके बेटे की गिरफ्तारी के हत्या की वजह भी साफ हो गई है। बकौल पुलिस, महिला ने हत्या कर लाश छिपाने की बात भी स्वीकार कर ली है, लेकिन पुलिस ने अभी अधिकारिक तौर पर घटना का खुलासा नहीं किया है। पुलिस शुक्रवार को इस हत्याकांड का खुलासा करेगी।
इज्जतनगर क्षेत्र के कर्मचारी नगर निवासी रिटायर्ड एलआईयू कर्मचारी के बेटे आशीष शर्मा का शव सोमवार दोपहर कैंट क्षेत्र में नकटिया स्थित पीएसी ग्राउंड के पीछे खजुरिया सैदपुर कॉलोनी निवासी कविता अग्रवाल के घर के खाली प्लॉट में दफन मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। परिवार ने कविता के साथ ही उसके बेटे चिराग अग्रवाल, बेटी श्वेता उर्फ कायनात खान और दामाद फैजी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कविता की बेटी और दामाद को सोमवार को ही हिरासत में ले लिया था। बुधवार को कविता और उसके बेटे चिराग को भी पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने बताया कि आशीष उसकी बेटी को परेशान करता था। अक्सर उसके घर पहुंचकर बेटी के बारे में पूछता था। विरोध करने पर गलीगलौज करता था। रविवार को भी आशीष उनके घर पहुंचा और झगड़ा करने लगा। इस बीच हाथापाई हुई तो वह धक्का लगने से गिर पड़ा। इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव प्लॉट में दफना दिया गया।