परिवार की शिकायत पर सीएमओ ने गठित की जांच समिति
बरेली। पीलीभीत बाईपास पर हाल ही में एक निजी कोविड अस्पताल में हफ्ते भर में दो लाख रुपये का बिल बना दिए जाने का मामला सुर्खियों में आया था, अब सिटी स्टेशन के पास भी निजी कोविड अस्पताल में सिर्फ तीन दिन जनरल वार्ड में भर्ती रहे मरीज के तीमारदार को 96 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया, वह भी तब मरीज की जान भी नहीं बची। परिवार और सपा पार्षद की शिकायत सीएमओ ने जांच समिति गठित की है।
मरीज के परिजन का आरोप है कि कोरोना संक्रमित मुकेश अग्रवाल को सिटी स्टेशन के पास निजी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह जनरल वार्ड में तीन दिन भर्ती रहे और फिर दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें इलाज का 96 हजार रुपये बिल थमा दिया गया। उन्होंने इलाज में खर्च हुई रकम का ब्योरा पूछा तो स्टाफ ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने सपा पार्षद के साथ सीएमओ डॉ. सुधीर गर्ग से मामले की शिकायत की। सीएमओ ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच समिति गठित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और रकम भी वापस कराई जाएगी। ब्यूरो