रिठौरा। कस्बा में अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को चलाए गए अभियान का आम लोगों ने विरोध कर दिया। इसके बाद टीम बीच में ही अभियान छोड़कर लौट गई।
दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज और जिला पंचायत के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन पर लोगों ने कब्जा कर लिया है। यहां खोखे रखकर वह लोग कारोबार कर रहे हैं। इन लोगों को कई बार नोटिस दिए गए मगर कब्जा नहीं हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के लिए बुधवार को नायब तहसीलदार विदित कुमार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शैलेष गुप्ता, वरिष्ठ लिपिक ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष चेतराम वर्मा फोर्स के साथ पहुंचे थे।
इस दौरान जेसीबी से अवैध कब्जे हटाए गए। कार्रवाई को लेकर लोगों ने हंगामा कर दिया। एक महिला ने रुपये लेकर अतिक्रमण हटाने का आरोप लगाया। इसी बीच टीम के पास एक फोन कॉल आई। इसके बाद टीम अभियान बीच में ही छोड़कर लौट गई। चर्चा है कि एक जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद अभियान बीच में ही बंद कर दिया गया। वहीं,नायब तहसीलदार विदित कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने एक दिन की मोहलत मांगी थी। इसके बाद कार्रवाई रोकी गई। अगर बृहस्पतिवार को अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो यहां फिर से अभियान चलाया जाएगा।