बिथरी चैनपुर। काम निपटाकर घर लौट रहे दवा कंपनी के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) को रास्ते में सरेशाम तीन बदमाशों ने लूट लिया। इसके बाद पहने गए कपड़ों से बांधकर खाई में फेंक दिया। आवाज सुनकर पहुंचे राहगीरों ने उसे आजाद किया। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
भुता थाने के गांव खजुरिया निवासी अमित कुमार राठौर दवा कंपनी में एमआर हैं। मंगलवार शाम को वह काम निपटाने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में बेनीपुर पुलिया के पास तीन बदमाशों ने उनको घेर लिया। अमित ने बताया कि तमंचे के बल पर बदमाशों ने उससे एक टेबलेट, दो मोबाइल फोन, बाइक, चार हजार रुपये, पर्स, घड़ी और दवाएं लूट लीं।
पैंट-शर्ट से उनको बांधकर खाई में फेंक दिया। रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर सीपी शुक्ला ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लूट करने वाले बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद