बरेली। किला उपकेंद्र क्षेत्र के बाकरगंज नई बस्ती में एक हजार घरों में 16 दिन से बिजली गायब थी। जब बिजली विभाग के अधिकारियों ने सुधि नहीं ली तो स्थानीय नागरिकों ने चंदा इकट्ठा करके प्राइवेट लाइनमैन से शनिवार को तार जुड़वाया तब जाकर आपूर्ति चालू हो सकी, जिससे एक हजार घरों में लोग भीषण गर्मी के साथ रात में सोने की समस्या व पानी के संकट से जूझते रहे।
किला उपकेंद्र के बाकरगंज नई बस्ती में 20 मई को दिन में 11 बजे अचानक लाइट कट गई। घटना का कारण तार टूटकर गिरने को बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की तरफ से कई बार किला उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक हारकर स्थानीय लोगों ने चंदा एकत्रित कर प्राइवेट लाइनमैन से तार जुड़वाया। जिसके बाद आपूर्ति शनिवार की दोपहर तीन बजे चालू हो सकी। मोहम्मद जाहिद ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस बाबत अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में स्थानीय स्तर पर एसडीओ को भेजकर जांच कराई जाएगी। आखिर उपकेंद्र पर शिकायत के बाद मरम्मत क्यों नहीं कराई गई। जिसमें लापरवाह लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।