सिरौली। सामान खरीदने को लेकर हुई मामूली कहासुनी से नाराज दबंग ने महिला व्यापारी को दुकान से खींचकर लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस बीच बचाने आए पति को भी जमकर पीटा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गया।
पश्चिम बाजार में मीना गुप्ता की परचून की दुकान है। लेनदेन को लेकर मीना गुप्ता की दबंग से कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज आरोपी मंगलवार की शाम दुकान से खींचकर महिला दुकानदार को बाहर ले आया। बीच रास्ते में लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। आवाज सुनकर उनके पति रामकिशन भी बाहर आ गए, लेकिन दबंग ने उन पर भी हमला कर दिया। इस बीच लोग तमाशा देखते रहे। किसी ने पीड़ित को बचाने की कोशिश नहीं की। पुलिस के आते ही आरोपी फरार हो गया।
पीड़िता मीना ने कान से कुंडल निकाल ले जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल, मामले में पुलिस से शिकायत की गई है। फिलहाल, घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। संवाद