बार काउंसिल के सदस्य पदों के लिए आज भी डाले जाएंगे वोट, कड़े सुरक्षा प्रबंध
बरेली। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के पहले चरण का मतदान शुक्रवार को शुरू हो गया। पहले दिन अधिवक्ताओं में काफी उत्साह दिखा। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतार लगी रहीं। चुनाव में सदस्य के 25 पदों के लिए प्रदेश भर में 333 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। शनिवार को भी मतदान होगा।
इस बार चुनाव चार चरणों में होगा। पहले चरण में अंग्रेजी वर्णमाला के ए से सी अक्षर तक के जिलों में मतदान कराया जा रहा है। चुनाव में निर्वाचित 25 सदस्य बाद में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव का चुनाव करेंगे। बरेली में 4395, बदायूं में 2190 और अमरोहा में 998 अधिवक्ता पहले चरण के मतदान में हिस्सा ले रहे हैं।
शुक्रवार को बरेली न्यायालय परिसर के अलावा फरीदपुर, बहेड़ी, नवाबगंज और आंवला मुंसिफ न्यायालयों में न्यायिक मजिस्ट्रेट की देख-रेख में मतदान कराया गया। मतदान केंद्रों के बाहर कतार रही। मतदान प्रक्रिया की निगरानी सीसी कैमरों के जरिये की जा रही है।
यूपी बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष श्रीश मल्होत्रा बरेली से इकलौते प्रत्याशी हैं। वह 2012 से लगातार यूपी बार काउंसिल के सदस्य हैं। मतदान के दौरान शुक्रवार को न्यायालय परिसरों के आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। जांच और बार काउंसिल का पहचान पत्र देखने के बाद ही अधिक्ताओं को मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया। संवाद