घर में ही फंदे पर लटका मिला शव, मोहल्ला ऊंचा का है मामला
फरीदपुर। अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह दो दिन से लापता था। सोमवार शाम को परिजनों ने फरीदपुर थाने में लापता होने की तहरीर दी। घर में ही छत पर बने कमरे में बुधवार को उनका शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
फरीदपुर के मोहल्ला ऊंचा निवासी अधिवक्ता यशवंत राय जौहरी (40) सोमवार शाम से गायब हो गए। अधिवक्ता के परिजनों ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी। उसका शव घर के ही छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। बुधवार दोपहर पड़ोस में रहने वाली महिला अपनी छत पर झाड़ू लगाने गई तो उसने अधिवक्ता की छत पर बने कमरे के बाहर खून पड़ा देखा। महिला ने उसके परिजनों को सूचना दी। तभी परिजन छत पर पहुंचे और कमरे में देखा तो अधिवक्ता का शव फंदे पर लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।
अधिवक्ता के परिजनों ने आत्महत्या की बात कह कर पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिवक्ता के दो बेटे हैं, जिनके नाम आशुतोष जौहरी (10) व अभिषेक जौहरी (8) है। उनकी लगभग 12 वर्ष पहले शिवानी से शादी हुई थी। संवाद