कमिश्नर डा. पीवी जगनमोहन की अध्यक्षता में मंडलीय सभागार में मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान काम में लापरवाही पर बदायूं के सीएमओ और शाहजहांपुर के सहायक श्रमायुक्त को जमकर फटकार लगाते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए।
बृहस्पतिवार को तीन घंटे से ज्यादा चली बैठक में कमिश्नर ने कहा कि मंडल में अब तक 4 लाख 72 हजार मैट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है जो प्रदेश में सर्वाधिक है। पिछले साल मात्र 1 लाख 87 हजार मैट्रिक टन खरीद हुई थी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बदायूं का काम अच्छा नहीं रहा। कमिश्नर ने इस पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ बदायूं को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में कमिश्नर ने गांवों में सफाई को किड्स फ्रेंडली डस्टविन रखवाने को कहा। ताकि बच्चे घर का कूड़ा उसी में डालें। गांवों में शौचालय निर्माण को मंडल को 34 करोड़ 52 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। विद्युत विभाग ने एक माह में मंडल में 48 हजार नए बिजली के कनेक्शन दिए। कमिश्नर ने विद्युत चोरी रोकने एवं दूरस्थ इलाके के ग्रामीण अंचल में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित पर जोर दिया। इसका वेरिफिकेशन उस गांव के प्रधान और वार्ड सदस्य व अन्य नागरिक से कराया जाए।
कमिश्नर ने कहा कि सभी प्राइमरी जूनियर व इंटरमीडिएट तक के स्कूल पौधरोपण कराकर पांच बच्चों के बीच उनके रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपे। मध्याह्न समय या खेल के पीरियड आदि खाली समय में इनमें से कोई बच्चा पेड़ को पानी आदि देगा। इंडस्ट्रीयल एरिया, मंडी परिसर में भी पौधरोपण कराएं। कमिश्नर ने मंडलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह जिलों का भ्रमण करें और जहां भी प्रगति खराब हो उसे तेज कराएं। गड़बड़ करने वाले अधिकारियों और कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। काम में अवैध गतिविधि कतई नहीं होनी चाहिए। बैठक में डीएम बरेली डा. पिंकी जोवल, डीएम पीलीभीत शीतल वर्मा, डीएम शाहजहांपुर नरेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।
84 फीसदी सड़कें गड्ढा मुक्त होने का दावा
गड्ढा मुक्त सड़क योजना में पीडब्लूडी के अफसरों ने दावा किया कि उनके 84 प्रतिशत सड़के गड्ढा मुक्त की जा चुकी हैं। शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जा रहा है। हालांकि हकीकत इससे अलग है। कमिश्नर ने कहा कि गड्ढा मुक्त सड़कों के कार्य और जल निगम नए व रिबोर हैंडपंपों की सूची संबंधित विधायकों को उपलब्ध कराएं और इसकी प्रति डीएम को दें। ताकि जन प्रतिनिधि कार्यों का स्वेच्छानुसार निरीक्षण कर सकें। श्रम विभाग की समीक्षा में शाहजहांपुर की खराब प्रगति पर कमिश्नर ने सहायक श्रमायुक्त शाहजहांपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
कीड़े की दवा उपलब्ध कराएं
पोषण मिशन की समीक्षा में कमिश्नर ने कहा कि ब्लाक श्रेणी के बच्चों के लिए कीड़े की दवा व टॉनिक की व्यवस्था करें। इससे कुपोषण से निजात मिलेगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित हास्टल साफ सुथरे व अच्छी स्थिति में रहें। बेसिक स्कूलों में दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूल में अध्यापकों की तैनाती मानक के अनुरूप करें। जुलाई में किताबें व यूनीफार्म वितरण करा दें।