सीट लॉक कराने के लिए कॉलेज में लगी रही विद्यार्थियों की भीड़
बरेली। बरेली कॉलेज में चल रही प्रवेश प्रक्रिया में सीट लॉक करने के लिए बृहस्पतिवार अंतिम दिन होने से विद्यार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद भी दिन भर में करीब 250 सीटें ही लॉक हो सकीं। वहीं, विद्यार्थियों की परेशानी और बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने के कारण रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से देर शाम अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ा दी गई।
सीट लॉक कराने के लिए विभागों में सुबह से ही छात्र-छात्राओं की लंबी लाइन लगी रही। इसमें दिनभर कतार में जूझने के बाद भी बड़ी संख्या मेंं विद्यार्थियों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। साइट पर सीट लॉक करने की प्रक्रिया में एक विद्यार्थी पर 25 से 30 मिनट का समय लगा। ऐसे में पूरे दिन में करीब 250 सीटें ही लॉक हो सकीं। कुल 4840 सीटों के सापेक्ष अभी तक करीब 2400 सीटें ही लॉक हो सकीं हैं। संवाद
13 दिन का मिला समय, पांच दिन कॉलेज में अवकाशरुविवि की ओर से अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ाई गई है। यानी 13 दिन मिले तो हैं लेकिन इस बीच पांच दिन कॉलेज बंद रहेंगे। आठ दिन ही सीट लॉक की प्रक्रिया चलेगी। इसमें 2000 सीटें लॉक करना भी एक बड़ी चुनौती है। दरअसल, नौ को रक्षाबंधन, 10 को रविवार, 15 को स्वतंत्रता दिवस, 16 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी व 17 को रविवार के चलते कॉलेज में अवकाश रहेगा। इस दौरान सीट लॉक होने की प्रक्रिया बाधित रहेगी।
- मैं सुबह से लाइन में लगा था, लेकिन साइट इतनी धीमी चल रही थी कि मेरा नंबर आते-आते शाम हो गई। अंतिम दिन होने के कारण विद्यार्थियों की भीड़ थी। - मोहित, बीए
- मेरे डॉक्यूमेंट में थोड़ी गड़बड़ी थी, जिसे ठीक कराने में समय लग रहा था। मुझे लगा था कि मेरा साल बर्बाद हो जाएगा, पर अब मेरे पास समय है। - प्रिया, बीकॉम
- तकनीकी समस्या के कारण मेरी मेल पर कोई मैसेज नहीं आ रहा है, इसलिए कॉफी देर इंतजार करना पड़ा। शाम तक सीट लॉक नहीं हो सकी थी। - अजय, बीए