फतेहगंज पश्चिमी में हुए बवाल के बाद शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई। शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस का पहरा रहा। बारादरी इलाके में पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात रही।
फतेहगंज पश्चिमी में हुए बवाल की चिंगारी कहीं शहर में न भड़क जाए, इसको लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। जुमे का दिन होने के कारण प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। जुमे की नमाज के दौरान प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल सुरक्षा में तैनात रहा। खुफिया तंत्र भी पूरे माहौल को भांपता रहा। बारादरी के मीरा की पैठ में पुलिस के साथ पीएसी ने भी पहरा दिया। शाम तक संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त करती रही। लोग भी सतर्कता को लेकर चौकन्नें रहे। कई जगह फतेहगंज पश्चिमी के बवाल की दबी जुबान चर्चा भी होती दिखी। सब नमाज शांति से निपट जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।