बरेली। फरीदपुर क्षेत्र स्थित चौधरी राजेश्वर सिंह किसान इंटर कॉलेज में जिला पंचायत की भूमि पर कराए जा रहे निर्माण कार्य को प्रशासन ने रुकवा दिया। कॉलेज प्रबंधन पर आरोप है कि लीज अवधि समाप्त होने के बावजूद जिला पंचायत से अनुमति लिए बिना परिसर में कमरों का निर्माण कराया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि का स्वामित्व जिला पंचायत के पास है। जिला पंचायत ने कॉलेज को यह भूमि लीज पर दी थी, लेकिन इसकी अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद कॉलेज प्रबंधन ने नियमों की अनदेखी करते हुए परिसर में कमरों का निर्माण शुरू करा दिया। शिकायत मिलने पर जांच कराई गई जो प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
इसके बाद जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी डाॅ. नीतू सिसौदिया ने एसडीएम फरीदपुर को निर्माण रुकवाने के लिए पत्र भेजा। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और निर्माण रुकवा दिया। अधिकारियों ने संबंधित पक्ष को स्पष्ट कर दिया कि बिना अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण नियमों के विरुद्ध है।
पहले भी कराया गया निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते साल भी कॉलेज परिसर में कई कमरों का निर्माण कराया गया था। चूंकि, मामला कॉलेज के अंदर हो रहे निर्माण का है तो किसी को भनक तक नहीं लगी। सूत्रों के अनुसार, कई बार तो कॉलेज के अंदर रात में भी निर्माण कार्य होते हुए देखे गए। इससे कॉलेज प्रबंधन की मंशा पर भी सवालिया निशान लग रहा है।
यह है नियम
लीज समाप्त होने के बाद भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण या स्थायी परिवर्तन करने के लिए जिला पंचायत की पूर्व अनुमति आवश्यक होती है। अनुमति के बिना कराया गया निर्माण अवैध माना जाएगा।
वर्जन
जिला पंचायत के पत्र का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। इसकी सूचना पत्र के माध्यम से जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी को भी दे दी गई है। अब उनके स्तर से अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - राम जनम यादव, एसडीएम फरीदपुर