15 अक्तूबर से स्कूल और कोचिंग संस्थान खोलने को तैयार होगी कार्ययोजना
बरेली। डीएम नितीश कुमार ने अनलॉक-5 की एडवाइजरी जारी कर दी है। 15 अक्तूबर से सभी स्कूल और कोचिंग संस्थानों को चरणबद्ध ढंग से खोलने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन के साथ कार्ययोजना तैयार करेंगे। हालांकि डीआईओएस का कहना है कि स्कूल में स्टाफ रहेगा लेकिन छात्र अभी एक-एक करके ही क्लास में पढ़ाई संबंधी शंका का समाधान करने जा सकेंगे। इसके लिए भी अभिभावक की सहमति जरूरी होगी।
अनलॉक में अब सिर्फ स्कूल और कोचिंग संस्थान ही खुलने बाकी हैं। गुरुवार को डीएम ने अनलॉक-5 के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। इसके तहत ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा जारी रहेगी। जहां स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं लेकिन कोई छात्र स्कूल आकर शंका का समाधान करना चाहते हैं, उन्हें इसकी अनुमति देने का प्रावधान होगा। मगर छात्र अपने माता-पिता की लिखित सहमति से ही उपस्थित हो सकते हैं। यह भी आदेश है कि जिन स्कूलों को खोले जाने की अनुमति दी जाएगी, उन्हें कोविड के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करना होगा।
प्रयोगशालाओं में फिर शुरू हो सकेंगे प्रयोग
कोरोना काल के चलते रुहेलखंड विश्वविद्यालय के साथ ही तमाम कॉलेजों में शोध के काम लगभग बंद हैं। प्रयोगशालाओं में लंबे समय से छात्र-छात्राएं नहीं पहुंच रही हैं। अब सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए 15 अक्तूबर से प्रयोगशालाओं में फिर से शोध कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
स्टेडियम के तरणताल में प्रशिक्षण ले सकेंगे खिलाड़ी
कोरोना के चलते मार्च से खेल स्टेडियम के तरणताल में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण नहीं दिया जा रहा है, लेकिन अनलॉक-पांच में सरकार ने 15 अक्तूबर से तरणताल शुरू करने की अनुमति दे दी है। इससे लंबे समय से तैराकी की ट्रेनिंग का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे हैं।
31 अक्तूबर तक कंटेन्मेंट जोन में लॉकडाउन
कंटेन्मेंट जोन में 31 अक्तूबर तक लॉकडाउन लागू रहेगा। कंटेन्मेंट जोन में केवल अतिआवश्यक गतिविधियों की ही अनुमति रहेगी। इसमें केवल चिकित्सा संबंधी आपातकालीन सेवाएं और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति ही जारी रहेगी। सामाजिक दूरी का अनुपालन कराने के लिए धारा-144 कड़ाई से लागू कराई जाएगी।