एसएसपी जोगेंद्र कुमार के ट्रांसफर के बाद एक दरोगा ने फेसबुक पर विवादित बयान पोस्ट करके हड़कंप मचा दिया। पुलिस महकमा में चर्चा का विषय बना यह विवादित बयान एडीजी प्रेमप्रकाश तक पहुंचा तो उन्होंने दरोगा की कारस्तानी पर नाराजगी जाहिर करते उसे तलब किया है। एडीजी की नाराजगी के बाद दरोगा के खिलाफ जांच के निर्देश दिए गए हैं।
शहर के बारादरी थाने की रुहेलखंड चौकी पर तैनात रह चुके दरोगा शिवप्रभात ने एसएसपी जोगेंद्र कुमार के ट्रांसफर के बाद अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा कि ‘बेचारे ने बहुत --- पर बरेली से चला गया’। इस पोस्ट का कई लोगों ने समर्थन भी किया, लेकिन कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दरोगा ने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि इस दौरान यह पोस्ट कई व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हो चुकी थी। शिवप्रभात सिपाही से प्रोन्नत होने के बाद बारादरी थाने की रुहेलखंड चौकी का प्रभारी बना। इसके बाद पीलीभीत भेजा गया। वर्तमान में पीलीभीत की कलीनगर चौकी पर तैनाती थी। हाल ही में डीजीपी मुख्यालय से ट्रांसफर लिस्ट जारी होने के बाद उसे मुरादाबाद भेजा गया है, लेकिन अभी वहां आमद नहीं दर्ज कराई है। ये दरोगा पहले भी विवादित रहा है।
यह गंभीर मामला है। एसएसपी के विवादित बयान देने वाले दरोगा को मैंने तलब किया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - प्रेमप्रकाश, एडीजी बरेली जोन