बरेली। निजी स्कूलों की ओर से मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने के मामले में अब जांच होगी। अभिभावक संघ और अभिभावकों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन का संज्ञान लेकर डीएम अविनाश सिंह ने डीआईओएस को नियमों को दरकिनार कर फीस बढ़ाने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम ने एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई न कराने वाले स्कूलों की सूची भी तैयार करने के लिए कहा है। बता दें कि इस वर्ष कई निजी स्कूलों ने अचानक पांच से 15 फीसदी तक फीस बढ़ा दी है। जिस पर अभिभावक संघ ने मोर्चा खोला पर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर तमाम लोगों को फीस जमा करनी पड़ी। वहीं, एनसीईआरटी के बजाय अन्य प्रकाशकों की किताबों से पढ़ाई कराने की भी शिकायत हुई। ब्यूरो