नकलविहीन बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। इनमें कई अफसर केंद्रों पर पहुंचे ही नहीं और बहानेबाजी कर दी। अब जिला प्रशासन ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। बोर्ड परीक्षा के नोडल अधिकारी बनाए गए एसडीएम सिटी ओपी वर्मा ने सोमवार को डीआईओएस अचल कुमार मिश्रा से उन सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट की सूची तलब कर ली जो ड्यूटी करने नहीं पहुंचे। अब उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के शुरू में ही 26 स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर नहीं पहुंचे थे। इन अधिकारियों ने कोई न कोई बहाना बनाया था। किसी ने काम ज्यादा होने का बहाना तो कुछ ने बीमारी का बहाना बनाया। बाद में कुछ मजिस्ट्रेट भी बदले गए। उसके बावजूद हालात नहीं सुधरे। नोडल अधिकारी ने बताया कि सूची लेकर गैर हाजिर रहने वाले सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जो कक्ष निरीक्षक ड्यूटी नहीं कर रहे हैं उनके खिलाफ मंगलवार से एफआईआर कराना शुरू किया जाएगा। डीआईओएस अचल कुमार मिश्रा ने बताया कि अनुपस्थित स्टेटिक मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट परीक्षा केंद्रों से मांगी है। सूची बनाकर नोडल अधिकारी को सौंप दी जाएगी।
गणित के पेपर में उलझे छात्र
परीक्षाओं को लेकर सख्ती है ही साथ ही प्रश्नपत्र भी पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार कठिन आ रहे हैं। सोमवार को हुई बारहवीं गणित के पेपर में छात्र उलझे रहे। कई प्रश्न छात्रों को छोड़ने पड़े। छात्रों का कहना था कि प्रश्न काफी घुमाकर पूछे गए। वहीं गणित के शिक्षकों का भी कहना था कि प्रश्न थोड़े कठिन थे। हालांकि सब सिलेबस से ही था। जिन छात्रों ने सारे चैप्टर कवर किए होंगे उसको दिक्कत नहीं हुई होगी।
परीक्षा छोड़ने वालों
की संख्या लगातार बढ़ रही
परीक्षा छोड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को भी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में सैकड़ों छात्रों ने परीक्षा दोड़ दी। दूसरी पाली में हुई गणित द्वितीय प्रश्नपत्र में 8436 पंजीकृत थे जिसमें 903 ने परीक्षा छोड़ दी। शाम की पाली में हाईस्कूल के मानव विज्ञान में सिर्फ चार छात्र पंजीकृत थे जिसमें चारों की गैर हाजिर रहे। सुबह हाईस्कूल में 1493 पंजीकृत थे जिसमें 150 ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह इंटरमीडिएट में 2114 पंजीकृत थे जिसमें 204 गैर जाहिर रहे।
नकलचियों का ग्राफ भी कम हो गया
इस बार परीक्षा छोड़ने वालों का ग्राफ बढ़ा तो नकलचियों का ग्राफ कम हो गया। वैसे हर साल परीक्षा में प्रतिदिन चार छह नकलची पकड़े जाते थे इस बार सचल दल को खाली हाथ लौटना पड़ता है। बरेली मंडल में अबतक कुल छह छात्र नकल में पकड़े गए हैं। इसमें दो बरेली के हैं। जबकि परीक्षा छोड़ने वालों की संख्या मंडल में 77261 तक पहुंच गई है।