बरेली। सेटेलाइट चौराहा पर फ्लाईओवर बनने से कई जगहों पर रूट डायवर्जन है। इससे यहां वैसे ही ट्रैफिक को निकलने में दिक्कत हो रही है। उस पर इस रोड की ज्यादातर स्ट्रीट लाइटें खराब होने से निर्माण स्थल के आसपास भी अंधेरा रहता है। इससे यहां रात में एक्सीडेंट का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा सीवर लाइन बिछाए जाने के लिए भी इस रोड का खोद दिया गया है। इससे यहां धूल उड़ती रहती है।
इस फ्लाईओवर के लिए चौराहा के साथ ईसाईयों की पुलिया और कैंट की तरफ सेतु निगम ने बोर्ड बैरिकेडिंग और सीमेंट के डिवाइडर रखकर ट्रैफिक का डायवर्जन कर दिया है। इससे यहां एक्सीडेंट का खतरा बना हुआ है। खतरा इसलिए भी ज्यादा बढ़ रहा है, क्योंकि यहां सेटेलाइट रोड की स्ट्रीट लाइटें की खराब है। इसलिए चौराहे के पास अंधेरा है। ड्राइवर की जरा सी चूक से हादसे का डर बना हुआ है। रोडवेज की वर्कशाप रोड के पास से चर्च की ओर एक तरफ पूरा रोड बंद है। यहां एक ही साइड में दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन हो रहा है। यहां भी स्ट्रीट लाइटें खराब होने से रास्ते में रखे डिवाइडर और बोर्ड बैरिकेडिंग नहीं दिखाई दे रही है। इसके अलावा सीवर लाइन बिछाने के लिए भी पूरी सड़क को खोद दिया गया है। वाहनों के निकलने से हर समय जबरदस्त धूल उड़ती रहती है। इससे खतरा और भी ज्यादा बढ़ रहा है।
सेतु निगम वालों ने भी व्यवस्था लावारिस छोड़ी
-फ्लाईओवर का पिलर बनाने के लिए कुछ दिन पहले चौराहे की रोटरी को तोड़ा गया है। क्षतिग्रस्त चौराहे के पास ही मिट्टी भी जमा है। रात में कोई वाहन इसमें टकरा न जाए, इसलिए कोई गार्ड भी नहीं रखे हैं। ड्राइवरों को सचेत करने के लिए रेडियम सिग्नल भी नहीं लगाए गए हैं।