सीओ सिटी सेकेंड की निगरानी में 24 घंटे तैनात रहेगा पुलिस फोर्स
विज्ञापन
एसडीएम ने रहने-खाने सहित अन्य व्यवस्था का जिम्मा तहसीलदार को सौंपा
बरेली। हरियाणा सहित दूसरे प्रांतों के मजदूरों के क्वारंटीन होने के बाद हरूनगला का शेल्टर होम फुल हो गया है, जबकि दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में मजदूर आने अभी शेष हैं। इसे देखते हुए तहसील प्रशासन ने परसाखेड़ा में दिल्ली पब्लिक स्कूल का अधिग्रहण करते हुए उसे नया शेल्टर होम घोषित किया है। इसमें 150 से 200 लोगों तक को रोका जा सकेगा। एसडीएम सदर ने इसे लेकर गाइड लाइन भी जारी कर दी है।
लॉकडाउन के बाद शहर में आने वाले प्रवासी मजदूर सहित अन्य लोगों को क्वारंटीन करने के लिए हरूनगला में शेल्टर होम बनाया गया था। इसमें 100 लोगों के ठहरने का इंतजाम है, जबकि पूर्व में यहां दूसरे प्रांतों के साथ हाल में हरियाणा से आए लोगों को मिलाकर कुल 119 को क्वारंटीन किया गया है। इस शेल्टर होम के फुल होने के बाद एसडीएम सदर ईशान प्रताप सिंह ने परसाखेड़ा में डीपीएस को नया शेल्टर होम घोषित किया है। अब यहां 24 घंटे पुलिस फोर्स सीओ सिटी सेकेंड की निगरानी में तैनात रहेगा। यहां खानपान और स्वच्छता सहित दूसरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सदर तहसीलदार आशुतोष गुप्ता को दी गई है। उसके आसपास के इलाकों की सफाई और सैनिटाइजेशन का इंतजाम नगर निगम प्रशासन करेगा। एसडीएम ने यहां स्क्रीनिंग के साथ मेडिकल चेकअप के लिए सीएमओ को निर्देशित कर दिया है।
‘हरूनगला शेल्टर होम में क्षमता से अधिक लोग ठहरे हुए हैं। इसलिए नया शेल्टर होम बनाया जाना बेहद जरूरी था। इसी क्रम में परसाखेड़ा स्थित डीपीएस का अधिग्रहण किया गया है।’ - ईशान प्रताप सिंह, एसडीएम सदर