शाहजहांपुर के जलालाबाद के गांव चकचंद्रसेन में शुक्रवार रात दबिश देने गई पुलिस टीम पर एक बदमाश ने फायरिंग कर दी। इस बीच एक हेड कांस्टेबल बाल-बाल बच गया। पुलिस ने भी गोली चलाई लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जलालाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम चकचंद्रसेन में 12 मई को बुजुर्ग शकुंतला देवी और उनके बेटे महेंद्र विक्रम की हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव लहूलुहान हालत में उनके घर में चारपाई पर पड़े मिले थे। इस मामले में पुलिस संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान गांव खंडहर निवासी आजम का नाम प्रकाश में आया। शुक्रवार रात गांव चकचंद्रसेन स्थित एक अधिवक्ता के घर में आजम के मौजूद होने का पता चला।
इस पर एसएसआई राजवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अधिवक्ता के घर दबिश देने पहुंची। इसकी भनक लगने पर आजम ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। इसमें हेड कांस्टेबल रणवीर सिंह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने भी गोली चलाई, लेकिन आजम दूसरा फायर करते हुए अंधेरे में भाग गया।