नवाबगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित समाज के किसान की नाबालिग बेटी को साथ ले जाकर दुष्कर्म के आरोप में तहरीर दी गई है। आरोप है कि कारचोबी करने वाला हाफिजगंज के गांव बढ़ेपुरा निवासी दूसरे समुदाय का युवक किशोरी को अपने दोस्त के घर शाहजहांपुर ले गया। वहां जबरन शादी करके दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित समाज के किसान ने पुलिस को बताया कि उनके गांव में थाना हाफिजगंज के गांव बढ़ेपुरा निवासी एक युवक कारचोबी करने आता था। युवक की दो संतान हैं। कारचोबी के लिए गांव आने के चलते किशोरी से जान-पहचान हो गई। आरोप है कि युवक ने किशोरी को साथ ले गया। तलाश करने पर भी किशोरी का पता नहीं लगा तो किसान ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
जांच के दौरान मंगलवार को जानकारी हुई कि आरोपी युवक शाहजहांपुर के एक कस्बे में रहने वाले कार चालक दोस्त के घर किशोरी को ले गया है। वहां किशोरी और आरोपी दोनों तीन दिन से मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी और उसके दोस्त को घर से हिरासत में ले लिया। किशोरी को भी साथ लाई। इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा जाएगा।
दोस्त के घर जबरन की थी शादी : किशोरी
किशोरी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि आरोपी ने दोस्त के घर ले जाकर जबरन मांग में सिंदूर भर दिया था। इसको शादी बताया। बाद में दुष्कर्म किया।