बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी अनस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर दूसरे समुदाय की दो सगी बहनों और उनके माता-पिता को भी रिपोर्ट में नामजद किया गया है। वे लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की बेटी पड़ोस के गांव में स्थित कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा है। उसके पिता ने बताया कि छात्रा रविवार को कॉलेज के वार्षिकोत्सव में गई थी। शाम पड़ोसी गांव निवासी दूसरे समुदाय का मोहम्मद अनस उसको बाइक से घर छोड़कर गया। छात्रा नशे में थी। नशा कम होने पर छात्रा ने बताया कि उसकी सहेली जबरन अपने घर ले गई। वहां नशीला पदार्थ खिला दिया। आरोप है कि इसके बाद सहेली के भाई अनस ने छात्रा से दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली-आगरा-झांसी-ललितपुर कॉरिडोर को शासन ने दी मंजूरी, आपस में जुड़ेंगे सभी एक्सप्रेसवे और हाईवे
आरोपी युवक के परिजन भागे
तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी अनस, उसकी बहनें और माता-पिता को नामजद किया है। अनस से पूछताछ की गई। उसके परिजन भाग गए हैं। सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी अनस को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। भागे हुए आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।