आंवला। किसानों ने इफको पर वादाखिलाफी और भूदाताओं को रोजगार नहीं देने का आरोप लगाया है। इसको लेकर सोमवार को एसडीएम कार्यालय में भाकियू टिकैत, इफको प्रतिनिधि व तहसीलदार के बीच काफी देर तक वार्ता हुई। सभी पक्षों को सुनने के बाद अब अगली बैठक दो सप्ताह बाद होगी।
भाकियू नेता महाराज सिंह ने बताया कि लंबी लड़ाई के बाद फरवरी 2023 में इफको के साथ हुए समझौते के आधार पर 280 लोगों को क्रमवार तरीके से रोजगार देना तय हुआ था, पर वादाखिलाफी से इस समय केवल 22-25 लोगों को ही इफको में रोजगार मिल सका है। हमारी मांग है कि इफको समझौते की शर्तों को बिंदुवार पालन करे, जबकि इफको प्रतिनिधियों का कहना है कि वे रोजगार दे रहे हैं, पर किसान ड्यूटी पर नहीं आते हैं। दोनों पक्षों की बात सुनकर तहसीलदार ब्रजेश कुमार ने दो सप्ताह बाद यूनियन पदाधिकारियों से रोजगार न मिल पाने वाले व इफको से अब तक काम पर लगाए गए किसानों की सूची लेकर आने को कहा है।
इस दौरान पंकज शर्मा, ओमशंकर, वीर सिंह, इफको से एड. उज्ज्वल सिंह, निधि सत्यमूर्ति मौजूद रहे। संवाद