सिरौली। नगर पंचायत चेयरमैन के घर में घुसकर उनके पति से मारपीट, गाली-गलौज व महिलाओं से अभद्रता के आरोपी ने परिवार समेत आत्मदाह की धमकी दी है। कहा कि उसने डीएम से चेयरमैन की चुनाव के दौरान वोटों को लेकर की गई धांधली की शिकायत की थी। जिसके बाद बदला लेने के लिए उस पर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, चेयरमैन ने आरोपों को झूठा बताया।
चेयरमैन चमन सकलैनी के पति कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉक्टर अशफाक बेग सकलैनी ने पुलिस को बताया था कि बुधवार रात 8 बजे वह अपने घर पर थे तभी तीन लोग उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज कर मारपीट की। उनकी पत्नी नगर पंचायत चेयरमैन से अभद्रता की जिसमें एक आरोपी मोहल्ला गढ़ी का सोनू था। बाकी अन्य को वे पहचान नहीं सके जिस पर पुलिस ने सोनू एवं दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। उधर, मुकदमे में फंसे सोनू ने कहा कि डीएम से शिकायत के बाद आंवला रोड पर ईंट भट्टे के पास 21 सितंबर को चेयरमैन के पति ने मुझे जमकर पीटा था। इस मामले की पुलिस को तहरीर भी दी गई। बावजूद चेयरमैन के पति के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसने चेतावनी दी कि अगर मेरी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई तो वह परिवार सहित आत्महत्या को विवश हो जाएगा। इस मामले में सिरौली थाने के कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि सोनू ने 21 सितंबर को कोई तहरीर नहीं दी थी। मामले की जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।