फतेहगंज पश्चिमी। बरेली की नारकोटिक्स विभाग की टीम ने वांछित चल रहे गांजा तस्कर को मंगलवार की रात मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। टीम ने बुधवार को मुरादाबाद के प्रेम सिंह को एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के टीम प्रभारी विकास यादव ने बताया कि 10 सितंबर को हाईवे के रहपुरा अंडरपास से कासगंज के थाना अमापुर के गांव नादरमयी निवासी रामप्रताप उर्फ भानू को गिरफ्तार को 71 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा के सुशांक सिंह से गांजा खरीदकर लाने और मुरादाबाद के प्रेम सिंह को बेचने के बारे में बताया था। इसके चलते टीम ने दोनों को वांछित कर दिया था। मंगलवार देर रात टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुरादाबाद के थाना छजलैट के गांव कूचावली निवासी वांछित प्रेम सिंह को गांव के पास से गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा की तस्करी करने के लिए राम प्रताप को पैसे देता था। वह गांजा की सप्लाई करने के बाद बचत होने पर उसको मुनाफा दे देता था। संवाद