बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने अफीम और चरस तस्कर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मंगलवार रात गश्त के दौरान टीम ने मेडिकल कॉलेज के पीछे संदिग्ध अवस्था में खड़े कैंट सदर निवासी जाकिर उर्फ भूरा को पकड़ लिया। उसके पास से 243 ग्राम चरस बरामद हुई। जाकिर ने पुलिस को बताया कि वह कासगंज से चरस खरीदकर लाता है और शहर में बेचता है। जाकिर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसका चालान किया गया।
दूसरे मामले में अफीम बरामद
थाना प्रभारी ने बताया कि रात में ही दूसरी टीम ने सम्राट अशोक नगर रोड से फतेहगंज पश्चिमी के गांव सोरहा निवासी प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी धर्मेंद्र और आकाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। प्रमोद के पास से 261 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में प्रमोद ने बताया कि धर्मेंद्र और आकाश के साथ वह झारखंड से अफीम खरीदकर लाता है और शहर में जगह-जगह बेचता है। बारादरी थाने में मामला दर्ज कर प्रमोद को जेल भेज दिया है। धर्मेंद्र व आकाश की तलाश की जा रही है।