हाफिजगंज। एक सड़क हादसे में घायल युवक की सोने की चेन और चांदी का ब्रेसलेट ले जाने के आरोप में कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बदायूं के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक विनोद बाबू सक्सेना ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को क्षेत्रीय प्रबंधक अभिनव त्रिवेदी ने बेटे शिवम सक्सेना को बरेली से पीलीभीत बाइक से जाने को कहा। फैजुल्लापुर तिराहे के पास टक्कर लगने से शिवम घायल हुआ, पसली में फ्रैक्चर आया।
आरोप है कि हादसे में उसकी 10 ग्राम सोने की चेन टूटकर गिर गई और 30 ग्राम चांदी का ब्रेसलेट भी था। शिवम ने मौके पर अभिनव त्रिवेदी को दोनों सामान सुरक्षित रखने के लिए दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, सामान वापस नहीं किया गया। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया, हाफिजगंज पुलिस ने वाराणसी के अभिनव त्रिवेदी के खिलाफ जांच शुरू की है। संवाद