बिशारतगंज। आंवला-अलीगंज रोड किनारे इस्माइलपुर गांव के समीप बन रही दुग्ध फैक्टरी प्रबंधन पर अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कृषक ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना अलीगंज के गांव गैनी निवासी मोहम्मद मुजफ्फर हुसैन ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी इस्माइलपुर गांव के रकबे में आंवला-अलीगंज रोड किनारे कुछ भूमि है। मोहम्मद मुजफ्फर हुसैन का कहना है कि उनकी भूमि के बराबर में दुग्ध फैक्टरी का निर्माण चल रहा है।
आरोप है कि उनकी भूमि के करीब आधा बीघा जमीन पर फैक्टरी प्रबंधन के लोग कब्जा कर रहे हैं। रोकने पर दबंगई दिखाते हुए अभद्रता करते हैं। उनका का आरोप है कि इस संदर्भ में 24 दिसंबर को बिशारतगंज थाने में व चार जनवरी को तहसील दिवस आंवला में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई।
मुजफ्फर हुसैन ने बताया कि उनके भाई मुजम्मिल मलिक ने उक्त भूमि पर अपना एक खोखा लगाया हुआ है। इसमें वह चाय आदि बेचने का काम करते हैं। फैक्टरी प्रबंधन के लोग वहां से हटने की धमकी देते हैं। संवाद