बरेली। रुहेलखंड नहर खंड कार्यालय में कई कर्मचारी वर्षों से एक ही पटल पर डटे हैं। आरोप है कि सींच पर्यवेक्षक को भी 30 वर्षों से कार्यालय से संबद्ध कर रखा है। उससे महत्वपूर्ण पटल पर काम लिया जा रहा है, जबकि कार्यालय के कर्मियों को काम नहीं दिया जा रहा है। मिनिस्टीरियल एसोसिएशन इरिगेशन डिपार्टमेंट के जिलाध्यक्ष कमलेंद्र सिंह और मंत्री अनुज कुमार सिंह ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन दिया है। इसमें उन्होंने दावा किया है कि उपखंड तृतीय कार्यालय में 30 वर्षों से सींच पर्यवेक्षक से लिपिक का कार्य लिया जा रहा है। जबकि, एक साल पहले स्थानांतरित होकर आए वरिष्ठ सहायक से कोई काम नहीं लिया जा रहा है। संगठन के नेताओं ने अभियंता से कहा है कि रुहेलखंड नहर खंड में वैसे भी सींच पर्यवेक्षकों का अभाव है। इसके बावजूद सींच पर्यवेक्षक को कार्यालय में संबद्ध रखा गया है।
वरिष्ठ सहायक आशीष कुमार कश्यप ने संगठन के नेताओं को बताया कि एक साल पहले वह स्थानांतरित होकर यहां आए थे। तब से वह कई बार पटल का चार्ज दिलाने के लिए सहायक अभियंता से लिखित व मौखिक अनुरोध कर चुके हैं, पर अब तक उन्हें चार्ज नहीं दिया गया है। अधिशासी अभियंता एनके सिंह ने कहा कि मामले को दिखवाएंगे। संवाद