बरेली। वित्त एवं लेखाधिकारी के हस्ताक्षर के बगैर बिल भुगतान के मामले की अभी जांच चल रही है। इस बीच शासन की ओर से एडी हेल्थ को सीएमओ द्वारा अकाउंटेंट के एनएचएम की फाइलें जांचने पर रोक लगाने के मामले की जांच सौंपी है।
शासन स्तर पर की गई शिकायत में अकाउंटेंट संगठन ने आरोप लगाया है कि सीएमओ ने हाल ही में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के बिल भुगतान की फाइल जांचने पर रोक लगा दी है, जो शासनादेश के विपरीत है। नियमानुसार विभागीय भुगतान संबंधी फाइलें अकाउंटेंट को जांचने के निर्देश हैं। इसके बिना बिल पास किया जाना अनुचित है।
मामले में संगठन ने शासन को पत्र भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। एडी हेल्थ डॉ. पुष्पा पंत ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। किन परिस्थितियों में यह आदेश जारी किया गया, इस पर जवाब मांगा जाएगा। ब्यूरो