साइबर ठग कोई भी मौका हो, उसे भुनाने से नहीं छोड़ते। कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियां शुरू होने के बाद अब वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन के बहाने लोगों को ठगा जा रहा है। तमाम लोगों के पास फोन कॉल आ रही हैं जिसमें रजिस्ट्रेशन के लिए उनसे आधार नंबर मांगा जा रहा है। इसके बाद उनके मोबाइल पर आने वाला ओटीपी पूछकर बैंक खाते से रकम उड़ाई जा रही है।
कोरोना की दहशत से निजात पाने के लिए देश में हर कोई को वैक्सीन आने का इंतजार कर रहा है। वैक्सीन आते ही लोग उसे लगवाना चाहते हैं। साइबर ठगों ने लोगों के इसी डर का फायदा उठाना शुरू कर दिया है। कई दूसरे शहरों में कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का झांसा देकर लोगों को ठगा जा चुका है। अब बरेली में भी लोगों के पास इस तरह की कॉल आ रही हैं।
पेंशन खाते के सत्यापन के नाम पर भी ठगी
साइबर ठग सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी निशाना बना रहे हैं। उन्हें पेंशन खाते का सत्यापन करने के नाम पर चूना लगाया जा रहा है। शहर में कई ऐसे मामले हुए हैं जिनमें पेंशन खाते के सत्यापन के लिए आधार नंबर और खाते से संबंधित जानकारी ली गई और फिर मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी लेकर उनके खातों से रकम उड़ा दी गई।
ठगी के ये भी तरीके
सस्ती कार और सस्ते लोन का झांसा देकर भी कई लोग ठगे जा चुके हैं। इसके अलावा शादी कराने, लाटरी या इनाम निकलने का लालच देकर, कंपनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर, विभिन्न कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए भी लोगों को ठगा जा रहा है।
ये बरतें सावधानी
अपने आधार कार्ड और खाते से संबंधित जानकारी किसी से साझा न करें। ओटीपी किसी को न बताएं। सरकार की ओर से कोरोना वैक्सीन के लिए कोई रजिस्ट्रेशन नहीं कराया जा रहा है। कोरोना से संबंधित किसी एप को डाउनलोड करने से पहले भी अच्छी तरह जांच कर लें।