फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया तो साफ हो जाएगा अकाउंट, साइबर ठग ने बिछाया जाल

Sat, 02 Jan 2021 12:43 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन
प्रतीकात्मक फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

साइबर ठग कोई भी मौका हो, उसे भुनाने से नहीं छोड़ते। कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियां शुरू होने के बाद अब वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन के बहाने लोगों को ठगा जा रहा है। तमाम लोगों के पास फोन कॉल आ रही हैं जिसमें रजिस्ट्रेशन के लिए उनसे आधार नंबर मांगा जा रहा है। इसके बाद उनके मोबाइल पर आने वाला ओटीपी पूछकर बैंक खाते से रकम उड़ाई जा रही है।

कोरोना की दहशत से निजात पाने के लिए देश में हर कोई को वैक्सीन आने का इंतजार कर रहा है। वैक्सीन आते ही लोग उसे लगवाना चाहते हैं। साइबर ठगों ने लोगों के इसी डर का फायदा उठाना शुरू कर दिया है। कई दूसरे शहरों में कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का झांसा देकर लोगों को ठगा जा चुका है। अब बरेली में भी लोगों के पास इस तरह की कॉल आ रही हैं।

विज्ञापन


रजिस्ट्रेशन करने के लिए कर रहे कॉल

अशरफ खां छावनी में रहने वाले विकास के मुताबिक हाल ही में उनके फोन पर कॉल करके उन्हें सरकार की ओर वैक्सीन मुफ्त लगवाई जाएगी लेकिन इसके लिए हर किसी को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद पहले से जानकारी दे दी जाएगी कि वैक्सीन किस तारीख को और किस स्थान पर लगेगी।

विकास से रजिस्ट्रेशन के लिए यह कहते हुए आधार नंबर मांगा गया कि इसके बाद उनके मोबाइल पर एक ओटीपी भेजा जाएगा जिसे बताने पर उनका रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। विकास के मुताबिक कोरोना वैक्सीनेशन के नाम पर ठगी के मामले उनकी जानकारी में थे लिहाजा उन्होंने आधार नंबर देने से इनकार कर दिया। काफी देर बहस के बाद कॉल करने वाले ने उन्हें अपशब्द कहते हुए कॉल काट दी।

पेंशन खाते के सत्यापन के नाम पर भी ठगी

साइबर ठग सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी निशाना बना रहे हैं। उन्हें पेंशन खाते का सत्यापन करने के नाम पर चूना लगाया जा रहा है। शहर में कई ऐसे मामले हुए हैं जिनमें पेंशन खाते के सत्यापन के लिए आधार नंबर और खाते से संबंधित जानकारी ली गई और फिर मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी लेकर उनके खातों से रकम उड़ा दी गई।

ठगी के ये भी तरीके

सस्ती कार और सस्ते लोन का झांसा देकर भी कई लोग ठगे जा चुके हैं। इसके अलावा शादी कराने, लाटरी या इनाम निकलने का लालच देकर, कंपनियों की फर्जी वेबसाइट बनाकर, विभिन्न कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए भी लोगों को ठगा जा रहा है।

ये बरतें सावधानी

अपने आधार कार्ड और खाते से संबंधित जानकारी किसी से साझा न करें। ओटीपी किसी को न बताएं। सरकार की ओर से कोरोना वैक्सीन के लिए कोई रजिस्ट्रेशन नहीं कराया जा रहा है। कोरोना से संबंधित किसी एप को डाउनलोड करने से पहले भी अच्छी तरह जांच कर लें।

विज्ञापन

कोरोना वैक्सीन के नाम पर ठगी का फिलहाल कोई मामला हमारी जानकारी में नहीं आया हो। ठग नए-नए तरीके अपनाते हैं। संभव है कि ठगों ने यह तरीका भी अपनाया हो। शिकायत मिलेगी तो जांच कर जरूर कार्रवाई कराएंगे। - सुशील कुमार, एसपी क्राइम

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें