102 शिकायतों में से अधिकांश राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों का कराया निस्तारण
बहेड़ी। हाईवे पर कट व यू-टर्न न होने से लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। तहसील परिसर में डीएम रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याओं को रखा। हालांकि डीएम ने आश्वासन दिया है। इस दौरान राजस्व, पुलिस, चकबंदी, स्वास्थ्य और विकास विभाग से संबंधित कुल 102 शिकायतें आईं। इनमें राजस्व विभाग से जुड़ी 17 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इसमें शिकायतकर्ताओं ने दिव्यांग प्रमाण पत्र न बनाए जाने, चकरोडों पर कब्जा करने और दक्षिणी हाईवे पर शीशगढ़ मार्ग पर जाने के लिए एक नया कट बनाए जाने की मांग रखी। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कट के दूर होने से लोगों के विपरीत दिशा में चलने की वजह से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, दूसरी और हसनपुर गांव को जाने वाले रास्ते के सामने भी यू टर्न खोले जाने की मांग भी की गई। ग्रामीणों ने बताया कि यू-टर्न दूर होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, जिसमें गांव के दर्जनों लोगों की जानें जा चुकी हैं। समाधान दिवस में एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह, एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव, तहसीलदार भानु प्रताप सिंह एवं आदि रहे।
भुगतान न करने पर चीनी मिलों पर होगी कार्रवाई
किसान संगठनों ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। डीएम ने कहा की चीनी मिल को शेड्यूल के मुताबिक भुगतान करने के आदेश दिए हैं। अगर ऐसा नहीं होता है तो वह सख्त एक्शन लेंगे।
किच्छा नदी के कटान स्थल को देखा
समाधान दिवस के बाद डीएम रविंद्र कुमार सिंचाई विभाग के अफसरों के साथ मेगा फूड पार्क के समीप बह रही किच्छा नदी के कटान स्थल पर पहुंचे। मानसून के आने से पहले मेगा फूड पार्क की पश्चिमी सीमा और नदी के बीच 30 मीटर थी, जो इस बार के कटान के बाद 14 मीटर रह गई है। इसको ठीक कराने के लिए डीएम ने सिंचाई विभाग के अफसरों को निर्देश दिए हैं।
खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया
बहेड़ी। डीएम रविंद्र कुमार ने गांव मुरचौड़ा के कंपोजिट विद्यालय में 16 लाख की लागत से तैयार की गई खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और प्रभारी इंचार्ज केदार सिंह की सराहना की। इसी बीच डीएम की नजर स्मार्ट क्लास की ओर गई, फिर वह बच्चों के बीच पहुंचकर गणित के सवाल पूछने लगे। स्कूली बच्चों की सेल्फी की मांग पर डीएम बच्चों के साथ मग्न हो गए। जिलाधिकारी ने स्कूल परिसर में पौधारोपण किया। संवाद