बरेली। सीबीगंज रोड पर सीएनजी पेट्रोल पंप के सामने शनिवार सुबह तड़के हापुड़ डिपो की एक रोडवेज बस डिवाइडर क्रॉस कर रहे एक डीसीएम से जा भिड़ी। हादसे में डीसीएम के ड्राइवर और चालक समेत कई बस यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों ने ड्राइवर पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कहा कि ड्राइवर को झपकी आ रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कर दूसरी बस से भेज दिया।
शनिवार सुबह रामपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार हापुड़ डिपो की रोडवेज बस ओवरब्रिज से उतर रहे एक डीसीएम से भिड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक बस ड्राइवर अचानक बस को रांग साइड पर ले गया। बचने के लिए डीसीएम के ड्राइवर ने भी रफ्तार बढ़ाकर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन तब तक बस उसमें जा भिड़ी। हादसे के बाद यात्री हंगामा करते हुए ड्राइवर पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाने लगे। उन्होंने बताया कि रास्ते में पहले भी ड्राइवर को झपकी आ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गाड़ियों को किनारे कराकर घायलों को पास के ही एक निजी अस्पताल भेजा।