दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अंबियापुर में शुक्रवार को एक झोपड़ी में अचानक लगी आग में जलकर एक बच्ची और तीन भैंसों की मौत हो गई। झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन नहीं बता पा रहे हैं कि आग कैसे लगी।
अंबियापुर निवासी बलवंत पुत्र खुशीराम खेत पर और महिलाएं बाहर घरेलू कार्य में व्यस्त थीं। उनकी चार माह की बच्ची झोपड़ी के अंदर सो रही थी। तभी अचानक झोपड़ी में आग लग गई। परिवार वालों को इसकी जानकारी होती, उससे पहले आग की लपटों ने झोपड़ी को चपेट में ले लिया। ये देखकर गांव वाले दौड़ पड़े। ट्यूबवेल चलाकर जैसे-तैसे आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक झोपड़ी में सो रही बच्ची और अंदर बंधी तीन भैंसें दम तोड़ चुकीं थीं। झोपड़ी में 87 हजार की नकदी, गेहूं, कपडे़, बर्तन और एक बाइक भी जलकर राख हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर एसडीएम सहसवान संजय कुमार सिंह, एसओ जरीफनगर राकेश चौहान, राजस्व और पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम ने परिवार वालों को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।