बरेली। बाइक की तेज रफ्तार ने किला थाने के एक सिपाही की जान ले ली। हेलमेट लगे होने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। देर रात जिला अस्पताल में शव लाया गया तो कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी वहां पहुंचे।
कासगंज के सहावर गेट पवसरा निवासी 23 वर्षीय सिपाही लोकेश अपनी यामाहा बाइक से शनिवार देर रात साढ़े 11 बजे करीब बहेड़ी से शहर लौट रहे थे। भोजीपुरा से आगे पाइप फैक्ट्री के सामने मोड़ पर उनकी तेज रफ्तार बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हेलमेट लगा होने के बावजूद शरीर में दूसरे स्थानों पर गंभीर चोटें लगने से लोकेश गंभीर घायल हो गए। हाईवे से गुजर रही एक एंबुलेंस उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर सीओ द्वितीय सीमा यादव, मलूकपुर चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पता लगा कि दो महीने पहले ही लोकेश की शादी हुई थी। सीओ ने बताया कि लोकेश को सरकारी काम से बहेड़ी थाने भेजा गया था, अनायास ही यह हादसा हो गया। उनके परिवार को सूचना दी गई है।