खुटार। गांव नरौठा देवीदास में सोमवार देर शाम घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम बच्ची की तालाब में डूबकर मौत हो गई। परिजनों को जानकारी तक हुई तब उसका शव देर रात उतराता दिखाई दिया। बच्ची का शव मिलने से घर में कोहराम मच गया।
गांव निवासी बबलू की दो वर्षीय पुत्री गौसिया सोमवार शाम खेलते हुए बच्चों के साथ घर के बाहर निकल आई। मां घर में काम करती रही। उसने सोचा बाहर बच्चों के साथ खेल रही होगी, लेकिन जब वह काफी देर से अंदर नहीं आई तक परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की। उसका पता नहीं चलने पर पिता ने रात करीब 8:30 बजे पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस के साथ परिजनों ने निकटवर्ती तालाब में टॉर्च की रोशनी में देखा तो बच्ची का शव उतराता मिला। पुलिस ने रात करीब 9:45 बजे तालाब से शव बाहर निकाला। परिजनों ने किसी भी कार्रवाई कराने से इंकार करते हुए पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। ब्यूरो